ब्रेकिंग : अवैध रेत उत्खनन से लौट रहे ट्रैक्टर का पलटा पहिया, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल
नमस्ते कोरबा :- जिले में नदी-नालों से रेत निकासी पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच अवैध रेत उत्खनन से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहे एक ट्रैक्टर के पलट जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष), पिता दुबराज पटेल, अमित कुमार तथा कुछ अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर सोन नदी में रेत निकालने गए थे। दोपहर के समय रेत लेकर वापस लौटते वक्त ग्राम जर्वे के पास ट्रैक्टर तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।
उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी गांव का मामला, सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहे थे युवक
हादसा इतना गंभीर था कि शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जबकि चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शिवकुमार को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रतिबंध के बावजूद जारी है रेत का अवैध कारोबार
जिले में रेत खदानों पर प्रतिबंध होने के बावजूद कई नदी-नालों से चोरी-छिपे रेत निकासी का कारोबार लगातार जारी है। प्रशासनिक सख्ती के दावों के बीच रेत तस्कर बेखौफ होकर नदियों में मशीनों और ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत निकाल रहे हैं। मड़वारानी की यह घटना एक बार फिर अवैध रेत उत्खनन से जुड़े जोखिम और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रही है।
Read more :- Korba breaking :- कटघोरा में जादू-टोना के शक में नाबालिग का खूनी हमला, सोती बुजुर्ग महिला पर धारदार वार









