दीपका खदान में 2 करोड़ का डंपर धू-धूकर जला इंजन से निकला धुआं, देखते ही देखते आग की लपटों में घिरा वाहन; चालक ने कूदकर बचाई जान
नमस्ते कोरबा : SECL के दीपका मेगा प्रोजेक्ट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खनन कार्य में लगी निजी कंपनी **कलिंगा कमर्शियल** के करीब 2 करोड़ रुपए कीमत वाले भारी-भरकम डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
बताया गया कि डंपर खदान के भीतर परिचालन में था। इसी दौरान इंजन की ओर से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही धुआं आग की लपटों में बदल गया और देखते ही देखते आग ने केबिन समेत पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वाहन में अग्निशमन यंत्र होने के बावजूद आग इतनी तेजी से फैली कि उनका प्रभावी इस्तेमाल नहीं हो सका। कुछ ही देर में डंपर धू-धूकर जलने लगा और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से नजर आया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना ने खदान में भारी वाहनों की सुरक्षा और नियमित तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read more:- शिवाजी नगर-एमपी नगर में करोड़ों की सीवरेज लाइन निर्माण पर सवाल, कलेक्टर से शिकायत फिर भी जांच का इंतजार
एशियन गेम्स का गोल्ड लेकर घर पहुंचीं संजू, पाली में हुआ जोरदार स्वागत, देखिए वीडियो










