जंगल में अचानक सामने आया हाथी, ट्रैक्टर पर हमला कर मचाया हड़कंप,वीडियो में देखिए किस तरह बाल-बाल बचे ग्रामीण
कुदमुरा के जिल्गा जंगल में हुई घटना, वन विभाग ने ग्रामीणों के व्यवहार को बताया हमले की वजह
नमस्ते कोरबा :- कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा जंगल में ट्रैक्टर सवार ग्रामीणों का सामना अचानक एक विशालकाय हाथी से हो गया। हाथी को सामने देखकर ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी ग्रामीण को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।
बताया जा रहा है कि जंगल के रास्ते ट्रैक्टर से जा रहे ग्रामीणों के सामने अचानक हाथी आ गया। इसी दौरान ट्रैक्टर के इंजन की आवाज और ग्रामीणों के शोर से हाथी विचलित हो गया। हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाकर नुकसान पहुंचाया और बाद में जंगल की ओर लौट गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने बताई घटना की वजह
घटना को लेकर वन विभाग के एसडीओ मणिकांत वर्मा ने बताया कि मौके पर हाथी मित्र दल वाहन सहित तैनात था और ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही थी। इसी बीच कुछ असामाजिक तत्व दूसरी ओर से ट्रैक्टर लेकर हाथी के करीब पहुंच गए।
अचानक हुई इस गतिविधि से हाथी आक्रामक हो गया और ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने, उन्हें घेरने अथवा उकसाने से बचने और हाथी मित्र दल व वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।










