निर्मला स्कूल की बढ़ीं मुश्किलें, शिक्षा विभाग ने जांच के दिए निर्देश,6 अक्टूबर को संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण, शिकायतों और पूर्व 16 बिंदुओं की रिपोर्ट पर भी होगी पड़ताल
नमस्ते कोरबा : कोसाबाड़ी स्थित निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल के खिलाफ लगातार सामने आ रही शिकायतों को जिला शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। पूर्व में मिली शिकायतों पर जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर *विकासखंड स्त्रोत समन्वयक द्वारा स्कूल का निरीक्षण कर 16 बिंदुओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जा चुकी है। इस रिपोर्ट में स्कूल की वस्तुस्थिति से शिक्षा विभाग को अवगत कराया गया है। अब नई शिकायतों की जांच के लिए विभाग ने तीन अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की है।



जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 1 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत *बीईओ कोरबा, सेजेस कुसमुंडा के प्राचार्य और शासकीय हाईस्कूल दादरखुर्द के प्राचार्य को जांच अधिकारी बनाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने 29 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर कोरबा के समक्ष स्कूल के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की थी।
जांच टीम 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे स्कूल पहुंचेगी। टीम शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की मौके पर जांच करेगी। इस दौरान स्कूल में पदस्थ समस्त स्टाफ के बयान दर्ज करने के साथ शिकायत से संबंधित दस्तावेजों का भी भौतिक सत्यापन किया जाएगा। स्कूल प्राचार्य को सभी संबंधित अभिलेख जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
16 बिंदुओं की रिपोर्ट के बाद अब नई शिकायतों की जांच
पूर्व निरीक्षण में विकासखंड स्त्रोत समन्वयक ने 16 अलग-अलग बिंदुओं पर स्कूल की स्थिति की जानकारी शिक्षा अधिकारी को दी थी। इससे स्कूल की वस्तुस्थिति को लेकर विभागीय स्तर पर पहले से एक रिपोर्ट मौजूद है। ऐसे में अब नई शिकायतों की जांच और पूर्व रिपोर्ट के तथ्यों को मिलाकर देखना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता *रजनीश मिश्रा, जगदीश प्रधान, राजेश मिश्रा, अखिलेश मणी तिवारी एवं जितेन्द्र कुमार साहू को भी उपस्थित रहने के लिए सूचित किया गया है। जांच के बाद सामने आने वाली रिपोर्ट के आधार पर **जिम्मेदारी तय होने और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई** का रास्ता साफ हो सकता है।









