विशेष खबर : बच्चों के हाथों में किताबें नहीं, नशा… यह कैसी शिक्षा व्यवस्था? बच्चों का भविष्य संवारने वाले स्कूलों में नशे की दस्तक गंभीर चिंता का विषय 

Must Read

विशेष खबर : बच्चों के हाथों में किताबें नहीं, नशा… यह कैसी शिक्षा व्यवस्था? बच्चों का भविष्य संवारने वाले स्कूलों में नशे की दस्तक गंभीर चिंता का विषय

नमस्ते कोरबा : बच्चे देश का भविष्य हैं उनके हाथों में किताबें,आंखों में सपने और मन में कुछ बेहतर करने का संकल्प होना चाहिए। लेकिन जब स्कूल की पोशाक पहने बच्चे गांजे का कश लगाते और छात्राएं सिगरेट पीती नजर आएं तो यह केवल अनुशासनहीनता का मामला नहीं रह जाता बल्कि समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए खतरे की घंटी बन जाता है। कोरबा के कोरबी धतूरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से सामने आए सात विद्यार्थियों के वीडियो ने इसी चिंता को सामने ला दिया है।

सात विद्यार्थियों के नशा करते हुए वीडियो ने अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े किए हैं।

सबसे गंभीर सवाल यह है कि आखिर नाबालिग बच्चों तक गांजा और सिगरेट जैसी नशीली सामग्री पहुंच कैसे रही है? कौन है जो इन्हें यह सामग्री उपलब्ध करा रहा है? क्या नशे का कारोबार अब किशोरों को भी अपनी गिरफ्त में लेने लगा है? यदि स्कूली उम्र में ही बच्चे नशे की ओर बढ़ रहे हैं तो इसके पीछे केवल उनकी संगति नहीं बल्कि कहीं न कहीं परिवार, समाज और व्यवस्था की चूक भी है। इस पहलू की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।बच्चों ने बाकायदा इस पूरे घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया में वायरल भी किया, वीडियो वायरल होने पर उसे हटा दिया गया है, इन पुरी बातों से ऐसा महसूस हो रहा है कि बच्चों में ना तो परिवार का ना ही शिक्षकों का कोई डर नहीं है और अपने भविष्य के प्रति पूर्ण रूप से लापरवाह है,

टीसी थमाना आसान है, लेकिन बच्चों को गलत रास्ते से वापस लाना असली चुनौती है।

इस पूरे मामले में स्कूल की निगरानी व्यवस्था भी कठघरे में है। बताया जा रहा है कि विद्यार्थी स्कूल समय में परिसर से बाहर निकलकर खंडहर में गांजा पी रहे थे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब बच्चे पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंचे थे तो वे बिना रोक-टोक परिसर से बाहर कैसे चले गए? क्या विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति और गतिविधियों की निगरानी की कोई व्यवस्था नहीं थी? स्कूल की जिम्मेदारी केवल हाजिरी लेने और पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं हो सकती।

विद्यालय प्रबंधन ने संबंधित पांच छात्रों और दो छात्राओं को टीसी जारी करने का नोटिस दिया है। अनुशासनहीनता पर कार्रवाई अपनी जगह जरूरी है लेकिन क्या बच्चों को स्कूल से बाहर कर देना ही इसका समाधान है? जिस उम्र में उन्हें सही मार्गदर्शन समझाइश और काउंसलिंग की जरूरत है, उस समय शिक्षा से अलग कर देना उनके भविष्य को और जोखिम में डाल सकता है। सवाल यह भी है कि टीसी के बाद इन बच्चों की पढ़ाई और उनके व्यवहार में सुधार की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?

दरअसल यह घटना केवल सात विद्यार्थियों की नहीं बल्कि हमारी पूरी सामाजिक व्यवस्था के लिए आत्ममंथन का अवसर है। अभिभावकों को बच्चों की संगति और गतिविधियों पर ध्यान देना होगा। शिक्षकों को उनके व्यवहार में आने वाले बदलावों को पहचानना होगा और स्कूल प्रबंधन को परिसर में उनकी आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखनी होगी। वहीं शिक्षा विभाग को स्कूल की लापरवाही की जांच के साथ नशे के दुष्परिणामों पर नियमित जागरूकता और काउंसलिंग की व्यवस्था करनी चाहिए।

सबसे जरूरी है कि बच्चों तक नशे की सामग्री पहुंचाने वालों की पहचान हो। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाएं कि गांजा और सिगरेट बच्चों के हाथों तक कैसे पहुंच रहे हैं। यदि नशे का कारोबार किशोरों तक पहुंच बना रहा है तो इसके स्रोत पर कार्रवाई किए बिना समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

स्कूल का उद्देश्य केवल अनुशासन बनाए रखना नहीं, बल्कि बच्चों को भटकाव से बचाकर बेहतर नागरिक बनाना भी है। गलती करने वाले बच्चों को दंडित करना एक पक्ष है लेकिन उन्हें सुधारने का अवसर देना भी उतना ही आवश्यक है।

आज जरूरत टीसी जारी करने से आगे बढ़कर जिम्मेदारी तय करने की है। आखिर बच्चे स्कूल से बाहर कैसे निकले नशा उन तक कैसे पहुंचा और समय रहते किसी को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? इन सवालों के जवाब मिलने चाहिए। बच्चों के हाथों से किताबें छूटकर नशे की सामग्री पहुंचना केवल सात विद्यार्थियों का भटकाव नहीं आने वाली पीढ़ी के भविष्य पर गंभीर सवाल है। बच्चों को स्कूल से बाहर करने के बजाय नशे के रास्ते से बाहर निकालना ही शिक्षा व्यवस्था की असली परीक्षा है।

Read more :- Korba breaking : सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों का नशा करते वीडियो वायरल, मचा हड़कंप,नौवीं की छात्राएं शराब-सिगरेट तो छात्र गांजा पीते आए नजर

- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,950SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

Korba breaking : सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों का नशा करते वीडियो वायरल, मचा हड़कंप,नौवीं की छात्राएं शराब-सिगरेट तो छात्र गांजा पीते आए नजर

Korba breaking : सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों का नशा करते वीडियो वायरल, मचा हड़कंप,नौवीं की छात्राएं शराब-सिगरेट तो छात्र...

More Articles Like This

- Advertisement -