मिनीमाता की पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक स्मरण समाजसेवा, महिला शिक्षा और दलित उत्थान में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत : जयसिंह अग्रवाल
नमस्ते कोरबा। कोरबा स्थित मिनीमाता कन्या महाविद्यालय परिसर में आज छत्तीसगढ़ की महान समाजसेविका, महिला शिक्षा एवं सामाजिक न्याय की प्रबल समर्थक तथा अविभाजित मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ क्षेत्र से निर्वाचित प्रथम सांसद मिनीमाता जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मिनीमाता जी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की एक सशक्त आवाज थीं। दलित समाज से आने के बावजूद उन्होंने अपने संघर्ष और सेवाभाव को किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरे समाज, विशेषकर दलितों, महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों तथा उनके सम्मान और उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया।
उन्होंने मिनीमाता के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के सामाजिक एवं राजनीतिक इतिहास में उनका स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता ने महिलाओं, दलितों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जिस दृढ़ता से आवाज उठाई, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी ने सार्वजनिक जीवन में रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को सदन तक पहुंचाया। उन्होंने कमजोर वर्गों के अधिकारों, महिलाओं के सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए जिस प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। मिनीमाता का जीवन हमें यह संदेश देता है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा का सबसे प्रभावी माध्यम भी हो सकती है।
उस दौर में जब महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा को लेकर समाज में अनेक रूढ़ियां और बाधाएं थीं, मिनीमाता जी ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना। महिला शिक्षा, बालिका शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उनके प्रयास आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक श्यामलाल कँवर, कोरबा जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, हरीश परसाई, पूर्व जिलाद्ध्यक्ष शहर सपना चौहान, ब्लाक अद्ध्यक्ष ए.डी.जोशी, पालू राम साहू, पार्षदगण रवि सिंह चंदेल, रामगोपाल कुर्रे, नारायण लाल कुर्रे, बद्रीकिरण, पूर्व पार्षद अर्चना उपाध्याय, रामगोपाल यादव, सनीश कुमार, अल्प सख्यक प्रकोष्ठ जिला अद्ध्यक्ष मो. शाहिद, गिरधारी बरेठ, सांता मांडावे, पुष्पा पात्रे, मनहरण राठौर, रवि खूंटे, संगीता श्रीवास, शांति भैना, अंकित वर्मा, एवं कार्यकर्ताओं ने मिनीमाता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं मिनीमाता कन्या महाविद्यालय से जुड़े लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में मिनीमाता के प्रति श्रद्धा, सम्मान और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने मिनीमाता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित जनों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए समाज के वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को नमन किया।









