करंट बना बेजुबानों का काल: एक दिन में दो गायों की मौत, नगर निगम और बिजली विभाग पर उठे सवाल
नमस्ते कोरबा :- शहर में आवारा पशुओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्ट्रीट लाइट के पोल और विद्युत व्यवस्था में लापरवाही अब बेजुबान जानवरों की जान पर भारी पड़ रही है। शहर में करंट की चपेट में आने से दो अलग-अलग स्थानों पर दो गायों की दर्दनाक मौत हो गई।
पहली घटना घंटाघर चौक स्थित वर्धमान ज्वैलर्स के सामने की है, जहां स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट उतर आने से एक गाय उसकी चपेट में आ गई। लोगों ने जब तक उसे बचाने की कोशिश की, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई गई।
इससे पहले पोड़ीबहार क्षेत्र के स्वागत द्वार के समीप भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। वहां भी करंट प्रवाहित होने के कारण एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार दो घटनाओं ने नगर निगम और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
दोनों मृत गायों का अंतिम संस्कार गौ रक्षक दल के सदस्यों द्वारा पूरे सम्मान के साथ किया गया। गौ रक्षक दल ने इस तरह की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए नगर निगम और विद्युत विभाग से शहर में खुले पड़े बिजली के तारों, करंट प्रवाहित हो रहे स्ट्रीट लाइट पोल तथा अन्य विद्युत उपकरणों की तत्काल जांच और मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में ऐसे हादसों का शिकार केवल बेजुबान पशु ही नहीं, बल्कि आम नागरिक भी हो सकते हैं।
Read more :- सुबह हुआ विवाद,दोपहर में सोते साथी का फोड़ दिया सिर… ओवरब्रिज के नीचे हमाल की हत्या, एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार









