Korba breaking : बर्थडे पार्टी के खूनी विवाद का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कैंपर से कुचलकर की थी युवक की हत्या
नमस्ते कोरबा : मीरा रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना उरगा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच कहासुनी हो गई। मामला शांत होने के बाद सभी युवक रिजॉर्ट से बाहर निकल आए, लेकिन सड़क पर दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया।
इसी दौरान आरोपी तुषार ढांडा गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन तेज रफ्तार से चलाते हुए उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घायल उज्ज्वल को उसके साथियों ने तत्काल जिला चिकित्सालय कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस की लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Read more :- बारिश के बीच ‘किंग’ का रोमांच… हाईवे पर निकला विशाल किंग कोबरा, एक घंटे तक थमी रहीं सांसें









