कसडोल आत्मानंद स्कूल में नकल कांड से बवाल: 45° गर्मी में ABVP का उग्र प्रदर्शन, कार्रवाई के आश्वासन पर थमा आंदोलन
नमस्ते कोरबा :- कसडोल स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 10वीं की ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान कथित नकल कांड ने तूल पकड़ लिया है। परीक्षा कक्ष में एक छात्रा द्वारा शिक्षकों के संरक्षण में खुलेआम नकल करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा।
ABVP की कसडोल इकाई ने इस मामले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। 45 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच भी कार्यकर्ता करीब 2 घंटे तक सड़कों पर डटे रहे और दोषी शिक्षकों व परीक्षा केंद्र प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दोपहर के समय हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रशासन के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण भी रहा।
आंदोलन की बढ़ती तीव्रता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इसके बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के नाम ज्ञापन BEO को सौंपते हुए आंदोलन स्थगित कर दिया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे ABVP के जिला संयोजक मलय साहू ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा,
“आत्मानंद जैसे प्रतिष्ठित विद्यालय में इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक है। यह मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ सीधा अन्याय है। यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो ABVP जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मलय साहू, एस.के. चिलक, प्रभात तिलक, गौतम साहू, मयंक साहू, अमित केसरी, नंदन निर्मलकर, प्रमोद साहू, अनुज, आकाश, जयंत, उज्जवल दीवान, निखिल साहू, नवीन साहू, सुधांशु साहू, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।
इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता को भी उजागर कर दिया है। अब सबकी नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।










