अमरैय्या पारा में टूटकर नाले में समाया नवनिर्मित नाला, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल,10 दिन में जांच और 15 दिन में कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
नमस्ते कोरबा :- कोरबा नगर निगम क्षेत्र में सड़क डामरीकरण की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब अमरैय्या पारा में निर्माणाधीन नाला भी विवादों में आ गया है। यहां नाले का एक हिस्सा टूटकर उसी नाले में समा गया। निर्माण की इस स्थिति को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने निगम प्रशासन को घेरते हुए गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
राठौर ने कहा कि जब एक सप्ताह के भीतर ही सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगे और गिट्टियां बाहर आने लगें, तो जनता का विरोध स्वाभाविक है। निगम के विभिन्न वार्डों में सड़क जीर्णोद्धार और नाली निर्माण के नाम पर काम कराए जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में निर्माण की ऐसी स्थिति सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी कौन कर रहा है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?
कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन से 10 दिवस के भीतर पूरे मामले की जांच और 15 दिवस के भीतर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मुकेश राठौर ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी और सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग पर जिम्मेदारी तय नहीं की गई तो कांग्रेस सभी विपक्षी पार्षदों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
इस दौरान पार्षद रवि सिंह चंदेल, प्रेमलता अविनाश बंजारे, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, सुकसागर निर्मलकर, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गजानंद साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










