पसान क्षेत्र के बनखेता में हाथियों का कहर,मकान तोड़ा,धान की फसल रौंदी,चिंघाड़ सुनकर घर छोड़ भागा परिवार, 65 हाथियों के दल से गांवों में दहशत
नमस्ते कोरबा :- कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बनखेता गांव में देर रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक मकान को तोड़ दिया और रातभर खेतों में खड़ी धान की फसल को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर घर में सो रहा परिवार जान बचाने के लिए बाहर भागा। गनीमत रही कि समय रहते घर छोड़ने से सभी की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि पसान क्षेत्र के आसपास करीब 65 हाथियों का विशाल झुंड विचरण कर रहा है। झुंड की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों के डर से ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों और खेतों की निगरानी करने को मजबूर हैं।
हाथियों की मौजूदगी से गांवों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं, मकान क्षतिग्रस्त होने और धान की फसल बर्बाद होने से ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों में जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।










