ठेकेदारों से दुर्व्यवहार और भुगतान में देरी का आरोप, नगर निगम ठेकेदार संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
नमस्ते कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में ठेकेदारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और भुगतान संबंधी समस्याओं को लेकर नगर निगम कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने निगम के कोरबा जोन की कार्यपालन अभियंता रुचि साहू पर ठेकेदारों से लगातार दुर्व्यवहार करने तथा पूर्ण हो चुके और प्रचलित कार्यों की भुगतान फाइलों को अनावश्यक रूप से रोककर रखने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसोसिएशन ने लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन के सचिव एवं नगर निगम कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष असलम खान द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि ठेकेदारों को अपनी फाइलों और भुगतान के संबंध में चर्चा करने पर कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ता है। एसोसिएशन का आरोप है कि इस तरह की शिकायतें लगातार सामने आने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पत्र में संबंधित अधिकारी के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए निगम प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन और नगर पालिक निगम कोरबा कांट्रेक्टर एसोसिएशन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान निगम के सभी निर्माण कार्य बंद करने की चेतावनी भी दी गई है।
भुगतान में देरी से निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका
ठेकेदारों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा करने के बाद भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी होने से आर्थिक दबाव बढ़ता है। ऐसे में भुगतान फाइलों के निराकरण और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर उठे सवाल निगम प्रशासन के लिए चुनौती बन सकते हैं।अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और ठेकेदारों की समस्याओं का समाधान किस तरह किया जाता है।











