श्री अग्रसेन गो धाम में गूंजे कान्हा के जयकारे,लड्डू गोपाल के हुए दिव्य दर्शन,मटकी फोड़ प्रतियोगिता, भजन-कीर्तन और गौ सेवा ने बांधा समां
नमस्ते कोरबा :- श्री अग्रसेन गो धाम कनबेरी में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव को लेकर गो धाम परिसर को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और पूरा परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया।
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में बाल रूप लड्डू गोपाल के दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं गौ धाम के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल के मार्गदर्शन में गौ माता की विशेष सेवा एवं पूजा-अर्चना भी की गई।
कार्यक्रम में सुबह से ही गौ गोपाल कथा, भक्ति गीतों, भजनों और कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में झूमते नजर आए। महोत्सव का विशेष आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। बच्चों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं दूध-दही मटकी फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और पूरा परिसर तालियों एवं ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।









