सर्व यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कोरबा में आयोजित हुयी भव्य शोभायात्रा एवं रैली.पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया रैली का शुभारंभ
नमस्ते कोरबा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व संध्या पर सर्व यादव समाज, जिला कोरबा द्वारा सीतामणी स्थित गौमाता चौक से भव्य शोभायात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की।
शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष, भक्ति गीतों एवं धार्मिक नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक ध्वज और श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ निकली इस भव्य रैली ने जन्माष्टमी के पर्व को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने समस्त यादव समाज एवं उपस्थित जनसमुदाय को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं।

श्री अग्रवाल ने सर्व यादव समाज द्वारा इतने भव्य और अनुशासित आयोजन के लिए आयोजन समिति एवं समाज के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल धार्मिक आस्था और उत्सव तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित यह शोभायात्रा समाज की एकजुटता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर उदाहरण है। जिस उत्साह और अनुशासन के साथ समाज के लोगों ने इसमें भाग लिया है, वह निश्चित रूप से सराहनीय है।”
पूर्व मंत्री ने कोरबा के विकास में यादव समाज के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि यादव समाज ने कोरबा के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के लोग विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के माध्यम से कोरबा की प्रगति में लगातार योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यादव समाज की सामाजिक एकजुटता और सकारात्मक सोच आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
शोभायात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी आयोजन का विशेष आकर्षण रही। “जय श्रीकृष्ण” और “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। आयोजन के अंत में सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी समाजजनों, युवाओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, कोरबा, संभागीय उपाध्यक्ष नत्थूलाल यादव, हीरालाल यादव, रेशम यादव, सतीश यादव, पी.एल.यादव कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, निगम में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, मंडल अध्यक्ष पालुराम साहू, पार्षद रामगोपाल कुर्रे, रविसिंह चंदेल, पूर्व पार्षद रामगोपाल यादव एवं सुखनंदन सोनकर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.









