बालको क्षेत्र के आजाद नगर पुलिया पर 3 फीट ऊपर बहा पानी, सड़कें बनी तालाब; नगर निगम की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
नमस्ते कोरबा :- जिले में रविवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बालको क्षेत्र की आजाद नगर पुलिया पर लगभग दो से तीन फीट ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने राहगीरों और वाहन चालकों को नाला पार नहीं करने की चेतावनी दी। तेज बहाव के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है।
कोरबा पानी-पानी: आफत बनी बारिश, नाले उफान पर… बस्तियों में घुसा पानी
बारिश का सबसे ज्यादा असर निचले इलाकों में देखने को मिला। बालको, सीतामढ़ी सहित नगर निगम क्षेत्र की कई बस्तियों में घरों के आसपास पानी भर गया। शहर की कई कॉलोनियां और मुख्य सड़कें भी जलमग्न हो गईं। जगह-जगह जलभराव से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। स्कूल से लौटते बच्चे बारिश में भीगते हुए घर पहुंचे, जबकि दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने महापौर और निगम आयुक्त पर लापरवाही का आरोप लगाया
लगातार हो रही बारिश के बीच नगर निगम की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने महापौर और निगम आयुक्त पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे शहर में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही। उन्होंने कहा कि हर साल बारिश में यही हाल होता है, फिर भी स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए और आम नागरिकों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। इधर मौसम विभाग ने कोरबा जिले के लिए अगले 3 घंटे में कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Read more :- बारिश बनी आफत: शहर से गांव तक पानी,गलियां बनीं नाले, सड़कों पर पानी ही पानी









