बारिश बनी आफत: शहर से गांव तक पानी,गलियां बनीं नाले, सड़कों पर पानी ही पानी
नमस्ते कोरबा :- जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जलभराव की स्थिति बन गई है। कई मुख्य मार्ग पानी में डूब गए हैं, जबकि निचले इलाकों में लोगों के घरों तक बारिश का पानी पहुंच गया है। प्रशासनिक तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की एक बार फिर पोल खुल गई है।
चुईया ग्राम पंचायत के भटगांव में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक नजर आ रहे हैं। गांव की गलियां उफनते नाले में तब्दील हो गई हैं। तेज बहाव के साथ पानी सीधे लोगों के घरों में घुस रहा है। हालात ऐसे हैं कि गली से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश में यही हाल होता है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था आज तक नहीं बनाई गई। बारिश शुरू होते ही पूरा मोहल्ला जलमग्न हो जाता है और लोगों को घंटों घरों में कैद रहने की नौबत आ जाती है।
लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी है। यदि जल्द राहत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर कब इस वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
Read more :- कोरबा में दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV के सामने चोर ने दी पुलिस को खुली चुनौती









