पहली ही बारिश में डूबा कोरबा,मुख्य सड़कें बनीं तालाब, हर साल दोहराई जा रही समस्या पर नहीं हो रहा स्थायी समाधान
नमस्ते कोरबा :- रविवार सुबह से जिले में रुक-रुककर हो रही तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। कुछ ही घंटों की बारिश में शहर के कई प्रमुख मार्ग जलमग्न हो गए। सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ा। पहली ही बारिश में बने हालात ने नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों और दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर के मुख्य मार्ग सहित कॉलोनी में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। जगह-जगह नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा, जिससे वाहन चालकों, और पैदल राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और यातायात प्रभावित रहा।
नगर निगम हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा करता है, लेकिन पहली तेज बारिश में ही इन दावों की पोल खुल जाती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर आज भी जलभराव जैसी बुनियादी समस्या से जूझ रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि हर वर्ष एक जैसी स्थिति बनने के बावजूद जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आता। यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था में सुधार, नालों की नियमित सफाई और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष प्रबंधन नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश शहरवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।
Read more :- Korba breaking : बर्थडे पार्टी के खूनी विवाद का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कैंपर से कुचलकर की थी युवक की हत्या









