CCTV में कैद ज्वेलर्स में लूट की कोशिश,दुकानदार की बहादुरी से नाकाम हुए लुटेरे
नमस्ते कोरबा :- पहले एक ‘युवती’ दुकान के भीतर दाखिल हुई। उसके पीछे दो युवक आए। देखने में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन अगले कुछ सेकंड में जो हुआ, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी गांव स्थित ज्वेलर्स दुकान में हुई दिनदहाड़े लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जैसे ही एक आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर दुकानदार को डराने का प्रयास किया, दुकानदार ने घबराने के बजाय अदम्य साहस का परिचय दिया। उसने बदमाशों का डटकर मुकाबला किया और छीना-झपटी के दौरान आरोपी के हाथ से देसी कट्टा छीन लिया। अचानक हुए इस प्रतिरोध से बदमाश घबरा गए और उनकी पूरी योजना विफल हो गई।
दुकानदार की बहादुरी देखकर तीनों आरोपी वहां से भाग निकले। भागने की जल्दबाजी में वे अपनी मोटरसाइकिल और देसी कट्टा भी मौके पर ही छोड़ गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे अब पुलिस अहम साक्ष्य के रूप में खंगाल रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, बरामद बाइक, देसी कट्टा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पूरे जिले में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने जहां व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी, वहीं ज्वेलर्स संचालक की बहादुरी अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। यदि उस वक्त दुकानदार हिम्मत नहीं दिखाता, तो यह वारदात कहीं अधिक बड़ी साबित हो सकती थी। अब सबकी नजर पुलिस पर है कि सीसीटीवी में कैद चेहरों के आधार पर इन शातिर बदमाशों तक पुलिस कब पहुंचती है।
Read more :- पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में मंगलवार रात लगी आग,बड़ी दुर्घटना टली









