जयसिंह अग्रवाल ने कहा “नीट पेपर लीक से बर्बाद हो रहा युवाओं का भविष्य,जवाब दे केंद्र सरकार”
नमस्ते कोरबा :- नीट पेपर लीक मामले और देशभर में लगातार सामने आ रही प्रतियोगी व भर्ती परीक्षाओं की अनियमितताओं को लेकर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र सरकार पर जोरदार और सीधा हमला बोला है। कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने लाखों युवाओं के सपनों को चकनाचूर कर दिया है तथा पूरे परीक्षा तंत्र की विश्वसनीयता को गंभीर संकट में डाल दिया है।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से युवाओं और छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है, लेकिन वर्तमान हालात बेहद चिंताजनक हैं। नीट सहित कई प्रमुख परीक्षाओं में गड़बड़ियों के लगातार उजागर होने से युवाओं का सरकारी व्यवस्था से भरोसा उठता जा रहा है।
केंद्र सरकार कठघरे में
उन्होंने केंद्र सरकार से तीखे सवाल करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए अब तक कौन से ठोस और प्रभावी कदम उठाए गए हैं। परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई हुई, युवाओं को रोजगार देने के वादों का क्या हुआ, और इन बार-बार हो रही गड़बड़ियों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
पूर्व मंत्री ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषियों और परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस सुधार लागू किए जाएं तथा एंटी-पेपर लीक कानून का सख्ती से क्रियान्वयन हो।
उन्होंने यह भी कहा कि लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए, ताकि युवाओं को समय पर रोजगार मिल सके और उनका भविष्य अधर में न रहे।
“यह सिर्फ परीक्षा नहीं, देश के भविष्य की लड़ाई”
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य, उनके अधिकारों और भरोसे से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और युवाओं के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।
*प्रेसवार्ता* में जयसिंह अग्रवाल, मुकेश राठौर, मनोज चौहान, नत्थुलाल यादव, श्याम सुदर सोनी, बी एन सिंह, गजानंद साहु, नारायण कुर्रे, मनहरण राठौर, प्रवीण ओगरे, किशोर दिवाकर, राकेश पंकज, गुलशन जायसवाल, जयकिशन पटेल, मोहन प्रधान, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, डा.डी आर नेताम, गिरधारी बरेठ, बद्री किरण, सुभाष राठौर, रवि चंदेल, डॉ.रामगोपाल यादव, पालुराम साहु, अविनाश बंजारे, हरविन्द्र सिंह सालस, अनिल कुमार सिंह, जवाहर निर्मलकर, बंटी शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे ।
Read more :- कोरबा में माफिया राज का आरोप: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का कैबिनेट मंत्री देवांगन पर सीधा निशाना









