20 गांव अंधेरे में, एक हफ्ते से ठप बिजली,आंधी से टूटी 33 केवी लाइन, लेमरू के ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

Must Read

20 गांव अंधेरे में, एक हफ्ते से ठप बिजली,आंधी से टूटी 33 केवी लाइन, लेमरू के ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

नमस्ते कोरबा :- जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र लेमरू के कुटुरवा इलाके में बीते एक सप्ताह से 20 गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। तेज आंधी और तूफान के बाद से ठप पड़ी विद्युत व्यवस्था अब तक पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित यह इलाका अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी व जंगलों के लिए जाना जाता है। स्वच्छ और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन इन दिनों यहां के निवासी बुनियादी सुविधा बिजली के अभाव में गंभीर संकट झेल रहे हैं।

दरअसल पिछले दिनों आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। सड़क किनारे खड़े विशाल पेड़ जड़ से उखड़ गए, वहीं कई विद्युत खंभे धराशायी हो गए। 33 केवी लाइन के तार कई जगहों से टूट जाने के कारण कोरबा से आने वाली मुख्य विद्युत सप्लाई बाधित हो गई। परिणामस्वरूप नकिया, डोकरमना, लामपहाड़, चरईझुंझ, कापूडांड, सीलीभूड़ और चिंगरखुदरी समेत करीब 20 गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है।

ग्रामीण पर दोहरी मार

बिजली गुल होने से जहां एक ओर लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है, वहीं दूसरी ओर जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ गया है। शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों का कामकाज भी ठप पड़ गया है, जिससे आर्थिक संकट गहराने लगा है।

हर बार बारिश-आंधी में कटती है बिजली

ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। हल्की बारिश या हवा चलने पर भी क्षेत्र की बिजली काट दी जाती है, जिससे बार-बार ऐसी स्थिति बनती है। इससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।

मरम्मत कार्य जारी, लेकिन इंतजार लंबा

स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग द्वारा व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। टीमों को मरम्मत कार्य में लगाया गया है, लेकिन दुर्गम वन क्षेत्र होने के कारण काम में देरी हो रही है। इसके चलते अब तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है।

ग्रामीणों ने जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस अंधेरे को दूर कर पाता है।

Read more :- पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन,सीएम का पुतला दहन 

- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,850SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

नालियां जाम कचरे के ढेर और बदबू से बेहाल मुड़ापार, सफाई व्यवस्था की अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, श्रमदान कर स्वयं साफ की नालियां

नालियां जाम कचरे के ढेर और बदबू से बेहाल मुड़ापार, सफाई व्यवस्था की अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, श्रमदान...

More Articles Like This

- Advertisement -