पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन,सीएम का पुतला दहन
नमस्ते कोरबा :- प्रदेश में बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को टीपी नगर तुलसीनगर स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जय सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
दोपहर करीब 3 बजे इंदिरा स्टेडियम रोड स्थित बिजली कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि कर आम जनता, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
सभा को संबोधित करते हुए जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे में बिजली दरों में बढ़ोतरी जनविरोधी निर्णय है। उन्होंने सरकार से तत्काल बढ़ी हुई दरें वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि बिजली दर वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बिजली आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता है और दरों में लगातार वृद्धि से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बिजली कार्यालय का घेराव कर सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Read more :- एसईसीएल की ठेका कंपनी टीएमसी के खिलाफ ग्रामीणों का उबाल,अभद्रता के आरोप पर सड़क जाम









