लहराती रस्सी ने आफत में डाली व्यवसायी की जान,गलती पर माफी की बजाय मारपीट किया चालक व हमाल ने
नमस्ते कोरबा। शहर के मुख्य सड़कों के किनारे माल वाहन खड़ी कर मनवाने तरीके से लापरवाही पूर्वक सामानों को खाली करने वाले चालक और हेल्पर की वजह से कई बार हादसा घटित होने के साथ-साथ लोगों की जान पर बन आती है। लापरवाही से किए गए कार्य के कारण एक व्यवसायी की जान पर बन आई जब लहराती रस्सी व्यवसायी के गले में फंदे की तरह फंस गई।
गनीमत रही कि व्यवसायी ने समय पर खुद को संभाल लिया वरना दम घुट कर बड़ी अनहोनी हो सकती थी। गलती मानने और माफी मांगने की बजाय चालक और हेल्पर ने घायल व्यवसायी के साथ मारपीट को अंजाम दिया।
पीड़ित प्रार्थी राजू साहू पिता स्व.भुल्लन साहू, 52 साल, गुप्ता गली संजय नगर थाना कोतवाली के निवासी हैं। 14 मई को सुबह 10 बजे अपने मोटर सायकल से सामान लेकर सीतामणी से वापस घर आ रहे थे कि प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास वाहन क्र. CG 12 BM 9790 का चालक अपने वाहन से सामान उतार रहा था।
ये लोग जो रस्सी खोल रहे थे, घुमा-घुमा कर रस्सी खोलने के दौरान राजू के गले में रस्सी फंस गया और करीब 20 से 30 मीटर तक फंदा लगी हालत में चले गए व मोटर सायकल से गिर पड़े। उनके द्वारा वाहन चालक को बोलने पर वाहन चालक मनोज चन्द्रा व उसका हमाल समीर चौहान ने कहा, रस्सी फेकेंगे तो फंसेगा ही,और गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुए चोटिल राजू से मारपीट किये।
आसपास के लोगों ने बीच- बचाव किया तब राजू साहू ने किसी तरह कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। वाहन क्रमांक CG 12 BM 9790 के चालक महेन्द्र चन्द्रा व समीर चौहान के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3)- BNS के तहत जुर्म दर्ज कर पीड़ित का मुलाहिजा कराया गया है।











