कोरबा में चलती कार पर टूटी पेड़ की शाखा, कुछ सेकंड का फर्क और हो सकती थी जनहानि
नमस्ते कोरबा :- शहर के व्यस्त मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब कोतवाली के पास स्थित एक पुराने पीपल वृक्ष की भारी शाखा अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना रात करीब 9 बजे सामान्य मौसम के बीच हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली के आवासीय परिसर की चारदीवारी के भीतर वर्षों पुराना विशालकाय पीपल का पेड़ खड़ा है। इसी पेड़ की एक बड़ी शाखा टूटकर मुख्य सड़क पर आ गिरी, जबकि दूसरी शाखा वहां से गुजर रही एक कार पर गिर पड़ी। हादसे में कार का ऊपरी हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन वाहन में सवार लोग सुरक्षित बच निकले।
सड़क पर गिरी भारी शाखा के बावजूद किसी राहगीर के उसकी चपेट में नहीं आने से बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि पेड़ के नीचे से गुजर रहे कुछ बिजली व अन्य तार टूट गए, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी एमबी पटेल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर मार्ग को सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि यह हादसा गंभीर हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से शहर में ऐसे पुराने और जर्जर वृक्षों की समय-समय पर जांच और छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Read more :- “अघोषित आपातकाल की ओर बढ़ रहा देश” पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का केंद्र सरकार पर तीखा हमला











