डॉ राजेंद्र प्रसाद नगर में शॉर्ट सर्किट से खंभे में लगी आग, इलाके में अफरा-तफरी एक घंटे बाद बहाल हुई बिजली
नमस्ते कोरबा :- शहर के R P नगर रेलवे लाइन के पास बुधवार देर रात एक विद्युत खंभे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते खंभा और उस पर लगे तार धू-धूकर जलने लगे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और विद्युत विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले सुरक्षा के लिहाज से बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद दमकल की मदद से करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया।
आग की वजह से कई तार जलकर टूट गए और सड़क पर गिर पड़े, जिससे आसपास के क्षेत्र की बिजली व्यवस्था कुछ समय के लिए बाधित रही। विभागीय टीम ने तत्परता दिखाते हुए मरम्मत कार्य शुरू किया और नए तार खींचकर बिजली आपूर्ति बहाल की। करीब एक घंटे बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खंभे पर बिजली, केबल और इंटरनेट तारों का जाल फैला हुआ था, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है और कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं किया गया।
वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने ओवरलोड और तारों की अव्यवस्था को आग लगने का मुख्य कारण बताया है। उन्होंने क्षतिग्रस्त तारों को बदलने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए तारों को व्यवस्थित करने का आश्वासन दिया है।
Read more :- NEET रद्द: छात्रों के लिए राहत बनी PW कोरबा की पहल, 15 मई से फ्री क्लासेस व टेस्ट सीरीज शुरू
मौत का रास्ता बना बालको नगर रिंग रोड: जर्जर डेंगुरनाला पुल से हर दिन गुजर रही जिंदगी दांव पर











