रविवार की मस्ती पड़ी भारी,झोराघाट में बेकाबू बाइकर्स पर पुलिस का शिकंजा, 23 के कटे चालान
नमस्ते कोरबा :- रविवार को पिकनिक स्पॉट झोराघाट में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे बाइक सवार युवकों पर पुलिस ने अचानक सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। छुट्टी का दिन होने के कारण झोराघाट में बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे थे।
इसी दौरान कुछ युवक बिना सायलेंसर बाइक दौड़ाते, तीन सवारी बैठाकर स्टंट करते और शराब के नशे में वाहन चलाते नजर आए, जिससे वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कटघोरा पुलिस ने मौके पर ही सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 23 दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। इस दौरान बिना लाइसेंस, बिना सायलेंसर, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में की गई।
Read more :- *मातृ दिवस पर सेवा का संकल्प: जिला अस्पताल में भाजपा महिला मोर्चा ने बांटे फल, मरीजों के चेहरों पर आई मुस्कान*
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों और पिकनिक स्पॉट पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें।











