कोरबा के ग्राम ढपढप में ‘हनुमंत कथा’ की भव्य तैयारियां अंतिम चरण में, एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
नमस्ते कोरबा। बांकीमोंगरा–कटघोरा मार्ग स्थित ग्राम ढपढप में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय दिव्य श्री हनुमंत कथा को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। एक ओर जहां कथा स्थल पर विशाल एवं आकर्षक पंडाल आकार ले रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
28 मार्च से शुरू होगी दिव्य कथा, लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना
कथा स्थल पर इन दिनों दिन-रात कार्य जारी है। मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, साज-सज्जा एवं श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। आयोजन स्थल को भव्य स्वरूप देने के लिए हर स्तर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कथा स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पंडाल, आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल, मेला क्षेत्र एवं अस्थायी दुकानों के लिए चिन्हित स्थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
लाखों श्रद्धालुओं की जुटेगी भीड़
आयोजन समिति के अनुसार 28 मार्च से 01 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस कथा में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले सहित पूरे प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
21 हजार महिलाओं की निकलेगी कलश यात्रा
कथा के एक दिन पूर्व ग्राम ढेलवाडीह से कथा स्थल तक लगभग 21 हजार महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक कंट्रोल और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है।
जनसहभागिता से बढ़ा उत्साह
स्थानीय युवा और कार्यकर्ता भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ढपढप का यह आयोजन भव्य और ऐतिहासिक बनने की ओर अग्रसर है।
Read more :- कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय: शिवाय हॉस्पिटल बना सुपर स्पेशलिटी इलाज का बड़ा केंद्र
आधी रात बलगी में दिखा 5 फीट का जहरीला नाग, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा









