सूरजपुर जिले में तकनीकी खामियों का शिकार हुए राइस मिलर्स
नमस्ते कोरबा । जिला सूरजपुर के राइस मिलर्स ने तकनीकी सूचनाओं के असमान संप्रेषण एवं DO अनुरोध प्रक्रिया में आई अचानक परिवर्तन संबंधी स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। मिलर्स के अनुसार, मिली जानकारी में सीजी मार्कफेड द्वारा पत्र क्रमांक 6242 दिनांक 20.02.2026 के माध्यम से दिनांक 23.02.2026 को 1.5 FCI : 1 NAN के अनुपात में DO अनुरोध स्वीकार किए जाने की सूचना जारी की गई थी।
किन्तु आज DO अनुरोध करने के दौरान पोर्टल पर मिलर की लिखित सहमति अपलोड करने संबंधी एक नई अनिवार्यता प्रदर्शित हुई, जिसकी पूर्व सूचना सभी मिलर्स को उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इस कारण अनेक मिलर्स को तकनीकी प्रक्रिया समझने एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने में समय लगा। जब तक प्रक्रिया पूर्ण की गई, तब तक निर्धारित लक्ष्य पूर्ण हो चुका था। मिलर्स का कहना है कि यदि इस नई तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी पूर्व में समान रूप से साझा की गई होती, तो सभी आवश्यक औपचारिकताएँ समय रहते पूर्ण की जा सकती थीं और यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
मिलर्स ने जिला विपणन अधिकारी, सूरजपुर से निवेदन किया है कि आज जारी किए गए DO अनुरोध को निरस्त कर पुनः अनुरोध स्वीकार करने की अनुमति प्रदान की जाए।
भविष्य में सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक सूचनाएँ सभी मिलर्स को एक साथ एवं पारदर्शी माध्यम से उपलब्ध कराई जाएँ। मिलर्स ने प्रशासन से निष्पक्ष, समान एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की है, जिससे किसी भी मिलर को अनावश्यक आर्थिक अथवा प्रशासनिक हानि न उठानी पड़े।









