‘कोहड़िया निवास में चढ़ावा चढ़ाए बिना नहीं होते काम,जयसिंह अग्रवाल का मंत्री पर हमला,पूर्व मंत्री बोले कथित वसूली के खिलाफ छेड़ेंगे आंदोलन’
नमस्ते कोरबा : पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिले की औद्योगिक कंपनियों में रोजगार और कामकाज के नाम पर कथित कमीशनखोरी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के कोहड़िया स्थित निवास में चढ़ावा चढ़ाए बिना लोगों के काम नहीं होते।
बालको, एनटीपीसी, लैंको और एसईसीएल जैसी कंपनियों में नौकरी से लेकर अन्य कार्यों तक में कथित तौर पर पैसे की मांग किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से आम लोगों और रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को नुकसान हो रहा है।
बालको,एनटीपीसी, लैंको और एसईसीएल में कमीशनखोरी का आरोप
जयसिंह अग्रवाल ने मंत्री के परिजनों, करीबियों और कुछ लोगों पर भी कथित दलाली में शामिल होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक कंपनियों में चपरासी की नौकरी तक के लिए पैसे देने की स्थिति बन गई है।
**एसईसीएल की जनसुनवाई का किया जिक्र**
पूर्व मंत्री ने एसईसीएल की जनसुनवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि आठ गांवों के ग्रामीणों ने अपने अधिकारों के लिए बड़ा आंदोलन किया था। इसके चलते प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन को पहले जनसुनवाई स्थगित करनी पड़ी और बाद में दोबारा आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की मांगों पर दबाव के बीच विचार करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के बाद 200 से अधिक लोगों को रोजगार मिल चुका है।
जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि इस मामले में कथित कमीशनखोरी नहीं चल पाने के कारण मंत्री एसईसीएल के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन साल बाद मंत्री ने एसईसीएल की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है, जबकि भूविस्थापितों और ग्रामीणों की समस्याओं के समय ऐसी सक्रियता नहीं दिखाई गई।
**भूविस्थापितों के मुद्दे पर भी घेरा**
जयसिंह अग्रवाल ने कुसमुंडा सहित अन्य क्षेत्रों में भूविस्थापितों, ग्रामीणों और महिलाओं के साथ कथित ज्यादती का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनके पुनर्वास, रोजगार और अधिकारों को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि इन मामलों में मंत्री की सक्रियता कहां थी।
**कथित कमीशनखोरी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी**
पूर्व मंत्री ने कहा कि बालको, एनटीपीसी और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कथित कमीशनखोरी और दलाली के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसरों में पारदर्शिता और स्थानीय लोगों के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
जयसिंह अग्रवाल के इस बयान से जिले की औद्योगिक राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत हैं। अब मंत्री लखन लाल देवांगन और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।










