बंगाली चाल की वर्षों पुरानी पानी समस्या होगी खत्म, 87 लाख के पेयजल कार्यों का भूमिपूजन
नमस्ते कोरबा : टी.पी. नगर जोन अंतर्गत बंगाली चाल में वर्षों से बनी हुई पेयजल समस्या अब जल्द ही दूर होगी। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 15 एवं 09 में भी पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। रविवार को टैगोर उद्यान, टी.पी. नगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पेयजल व्यवस्था से जुड़े लगभग 87 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को शीघ्र कार्य प्रारंभ कर तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी ग्रीष्म ऋतु में ही वार्डवासियों को राहत मिल सके। इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 15 में टी.पी. नगर चौक से सुनालिया केनाल ब्रिज होते हुए बंगाली चाल तथा महाराजा होटल से पावर हाउस रोड तक 73.28 लाख रुपये की लागत से डी.आई. पाइप लाइन बिछाई जाएगी। वहीं वार्ड क्रमांक 09 इमलीडुग्गू क्षेत्र में अशोक घर से पूजा पाण्डेय घर तक बायपास रोड, नागेश ठाकुर घर से आंगनबाड़ी एवं रेलवे मोहल्ला तथा टीका घर से आंगनबाड़ी तक 14.01 लाख रुपये की लागत से ओ.पी.वी.सी. पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
36 करोड़ से होगा जलप्रदाय विस्तार
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि निगम क्षेत्र की दूरस्थ बस्तियों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए 36 करोड़ रुपये की लागत से जलप्रदाय विस्तार कार्य भी शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए निगम पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र के विकास के लिए 800 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है और आगे भी विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
बंगाली चाल को मिलेगी बड़ी राहत
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि बंगाली चाल क्षेत्र में हर वर्ष गर्मी के दौरान पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न होती थी, जिससे खासकर महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब पाइपलाइन विस्तार के साथ इस समस्या का स्थायी समाधान होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में शहर के वार्डों और बस्तियों में लगातार विकास कार्य शुरू किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, निगम अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Read more :- ऊर्जाधानी कोरबा बना ‘मच्छरों की राजधानी’,जनता अपने दम पर लड़ रही मच्छरों से जंग
कोरबा ब्रेकिंग: किसान के आंगन का कुआं धंसा, काम कर रहा किसान गिरा भीतर; परिजनों ने बचाई जान,







