नमस्ते कोरबा ::कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के साथ छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सख्ती का दूसरा दौर भी शुरू हो गया है। राज्य सरकार के फैसले के दो दिन बाद ही रायपुर, दुर्ग, सूरजपुर, सरगुजा, सुकमा और जशपुर जिले में पहला नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। रायपुर कलेक्टर एस भारतीदासन, दुर्ग कलेक्टर सर्वेश नरेंद्र भूरे, सूरजपुर कलेक्टर रणवीर शर्मा, सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा, सुकमा कलेक्टर विनीत नंदनवार और जशपुर कलेक्टर महादेव कांवरे ने आज नाइट कर्फ्यू का आदेश जारी कर दिया। इसके मुताबिक रात आठ बजे के बाद बाजार बंद हो जाएंगे।

कलेक्टर ने सभी दुकानदारों और व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठान पर फ्लैक्स लगाने को कहा है। इस फ्लैक्स पर दुकान के खुलने और बंद होने का समय लिखना होगा। यह काम दुकानदार को अपने खर्च में कराना होगा।
मास्क रखना अनिवार्य
प्रशासन ने सभी तरह की दुकानों में मास्क अनिवार्य कर दिया है। अगर कोई ग्राहक बिना मास्क पहने वहां पहुंच गया तो सबसे पहले उसे मास्क देना होगा। मास्क पहनने के बाद ही ग्राहक को कोई सामान अथवा सेवा दी जा सकेगी। दुकानों में सैनिटाइजर भी रखना अनिवार्य किया गया है। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग भी रखनी होगी।
दो दिन पहले हुआ था फैसला
संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए 28 मार्च की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार इसका फैसला करने के लिए कलेक्टरों को अधिकृत किया गया था। आज दोपहर सबसे पहले सूरजपुर ने नाइट कर्फ्यू का आदेश जारी किया। उसके बाद जशपुर, अम्बिकापुर, रायपुर और दुर्ग आदि ने आदेश जारी किये हैं। सरगुजा संभाग के जिलों में नाइट कर्फ्यू का यह आदेश रात 8 बजे से ही प्रभावी हो जाएगा।









