KPL प्लांट गेट के समीप दर्दनाक हादसा, कर्मी की मौत के बाद हंगामा,बेतरतीब खड़े भारी वाहन और ठेले-खोमचों की भीड़ से बढ़ा खतरा
नमस्ते कोरबा :- उरगा थाना क्षेत्र के पताढ़ी स्थित अडाणी समूह के केपीएल प्लांट के गेट के सामने बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक संयंत्र कर्मी की मौत हो गई। रात्रि पाली में ड्यूटी के लिए जा रहे 45 वर्षीय मुकेश कैवर्त कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक CG 10 BO 0492 की चपेट में आ गए। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर आक्रोश फैल गया और लोगों ने जमकर हंगामा किया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मौके पर हंगामा किया। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
प्लांट के मुख्य गेट के आसपास लंबे समय से भारी वाहनों का जमावड़ा बना रहता है। सड़क किनारे उपलब्ध खाली जगह पर ठेले-खोमचे लगने से भी आवाजाही का दायरा सिमट जाता है। एक ओर प्लांट में आने-जाने वाले कर्मचारियों और दूसरी ओर लगातार गुजरते भारी वाहनों के बीच यातायात व्यवस्था बेहद जोखिम भरी हो जाती है। ऐसे में गेट के सामने किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी रहती है।
Read more :- “महाराणा प्रताप नगर में महिला के गले पर झपट्टा, चेन लूटने की कोशिश नाकाम”










