पति के गुस्से और चरित्र शंका की कीमत मासूम ने चुकाई, मां की गोद में खेलते ढाई माह के बच्चे की मौत
पत्नी पर किया डंडे से हमला, बीच में आ गया दूधमुंहा बच्चा… गंभीर चोट लगने से तोड़ा दम, आरोपी पिता गिरफ्तार
नमस्ते कोरबा : पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर उपजा विवाद एक ऐसी हृदयविदारक घटना में बदल गया जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। घर में मां की गोद में खेल रहे महज ढाई माह के मासूम को माता-पिता के झगड़े की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। शराब के नशे में धुत पिता ने गुस्से में पत्नी पर डंडे से हमला किया लेकिन वार पत्नी की जगह उसकी गोद में मौजूद मासूम को जा लगा। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल दहला देने वाली यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा गांव की है। जानकारी के अनुसार द्वारिका प्रसाद का अपनी पत्नी के साथ चरित्र शंका को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था, दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई,देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत द्वारिका अपना आपा खो बैठा। उसने आवेश में आकर पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया।
इस दौरान महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन पति का डंडा सीधे उसकी गोद में खेल रहे ढाई माह के मासूम को जा लगा। अचानक हुए इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी द्वारिका प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। घर की चारदीवारी के भीतर पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद एक मासूम की जिंदगी निगल गया। जिस बच्चे की किलकारियों से घर गूंजना था, उसकी मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
Read more :- जहां आस्था के साथ धड़कती है सेवा की भावना, 800 गोवंश का आश्रय बना कनबेरी का श्री अग्रसेन गोधाम










