पीडब्ल्यूडी रामपुर स्कूल में विद्यार्थियों को सिखाए यातायात सुरक्षा के नियम,पुलिस अधिकारियों ने ट्रैफिक नियमों की दी जानकारी
नमस्ते कोरबा :- सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और यातायात नियमों के पालन का संदेश लेकर पुलिस विभाग की टीम PWD रामपुर स्कूल पहुंची। यहां विद्यार्थियों को यातायात जागरूकता अभियान के तहत सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों और दुर्घटनाओं से बचाव के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
बता दें कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर एवं डीएसपी यातायात ज्योत्सना चौधरी के मार्गदर्शन में एएसआई मनोज राठौर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की उपयोगिता समझाते हुए हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की समझाइश दी।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम में स्कूल की प्राचार्या शकुंतला अग्रवाल सहित एएसआई मनोज राठौर, प्रधान आरक्षक मनोज दुबे, आरक्षक कमल सिंह एवं कमलेश आयाम उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
Read more :- *ट्रांसपोर्ट नगर चौक में लगाए छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा*सभापति नूतन ठाकुर और छत्तीसगढ़िया सर्व समाज की मांग*













