तिरंगे के सम्मान पर सवाल, बालको की यात्रा बनी सियासी मुद्दा; कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब

Must Read

तिरंगे के सम्मान पर सवाल, बालको की यात्रा बनी सियासी मुद्दा; कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब

नमस्ते कोरबा :** स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में तिरंगा यात्राओं के जरिए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा के बालको क्षेत्र में भाजपा नेताओं की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा अब राष्ट्रीय ध्वज को कथित रूप से उल्टा लेकर चलने को लेकर राजनीतिक विवाद में घिर गई है।

यात्रा के दौरान आगे चल रहे नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद **हितानंद अग्रवाल** के हाथ में तिरंगा उल्टा दिखाई देने के साथ ही पीछे चल रहे कुछ अन्य लोगों के हाथों में भी ध्वज की स्थिति गलत नजर आई। यात्रा के दौरान इस पर किसी का ध्यान नहीं गया।

बालको मंडल अध्यक्ष **डिलेंद्र यादव**, वरिष्ठ नेत्री **मंजू सिंह** सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में निकली यह यात्रा बालको के विभिन्न गलियों-मोहल्लों से भारत माता के जयकारों के बीच आगे बढ़ी। यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किए गए। बाद में कथित तौर पर तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया से हटाए जाने की बात सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है।

कांग्रेस ने साधा निशाना, पूछा देशभक्ति के प्रदर्शन में तिरंगे का सम्मान क्यों भूले?

मामले को लेकर **जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर** ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तिरंगा किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक है। ऐसे में राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा लेकर पूरी यात्रा निकल जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर लापरवाही है।

राठौर ने कहा कि यात्रा में मंडल अध्यक्ष वरिष्ठ पदाधिकारी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष जैसे जिम्मेदार नेता मौजूद थे। इसके बावजूद यदि यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की स्थिति पर किसी की नजर नहीं गई तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि यात्रा की निगरानी कौन कर रहा था और राष्ट्रीय ध्वज की मर्यादा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी थी?

उन्होंने कहा कि इसे केवल ‘मानवीय भूल’ कहकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। **यदि गलती हुई है तो भाजपा नेताओं को इसे स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।**

 ‘फोटो और वीडियो हटाने से सवाल खत्म नहीं होंगे’

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों और वीडियो को बाद में हटाए जाने की चर्चा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में गलती हुई है तो उसे छिपाने के बजाय सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया जाना चाहिए। तस्वीरों में यात्रा की अगली पंक्ति में पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के हाथ में उल्टा तिरंगा दिखाई देने का दावा करते हुए राठौर ने कहा कि घटना की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रवाद के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि **राष्ट्रवाद केवल नारे और भाषणों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में भी दिखाई देना चाहिए।**

 संगठन और तिरंगा यात्रा प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल

घटना के बाद अब सवाल भाजपा के जिला संगठन और तिरंगा यात्रा से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका पर भी उठ रहे हैं। क्या संगठन इसे गंभीरता से लेते हुए जांच करेगा? क्या संबंधित नेताओं से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा? या फिर इसे सामान्य मानवीय त्रुटि बताकर मामला खत्म कर दिया जाएगा यह देखना दिलचस्प होगा।

मुकेश राठौर ने प्रशासन से भी आग्रह किया कि यदि राष्ट्रीय ध्वज की निर्धारित मर्यादाओं और नियमों का उल्लंघन हुआ है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी राजनीतिक या सामाजिक आयोजन में तिरंगे के सम्मान को लेकर ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

उन्होंने कहा कि **“तिरंगे को हाथ में लेना केवल फोटो खिंचाने या राजनीतिक प्रदर्शन का विषय नहीं है। यह देश के गौरव और शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। इसके सम्मान में जरा-सी भी लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।”**

अब बालको की इस तिरंगा यात्रा को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। **जिस तिरंगे के सम्मान का संदेश देने यात्रा निकली थी, उसी तिरंगे के उल्टा होने से उठे सवालों का जवाब भाजपा संगठन और यात्रा में शामिल जिम्मेदार नेता कैसे देते हैं, इस पर सबकी नजर है।**

Read more :- जमनीपाली में खरीदारी का नया ठिकाना बना श्री रिद्धि सिद्धि मार्ट,A-Z सामान एक ही छत के नीचे उपलब्ध, ग्राहकों को 10% कैश डिस्काउंट

- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,770SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

जयसिंह अग्रवाल और डॉ. चरणदास महंत की मौजूदगी में सजा हरेली महोत्सव, माटी और संस्कृति से सराबोर हुआ कोरबा

जयसिंह अग्रवाल और डॉ. चरणदास महंत की मौजूदगी में सजा हरेली महोत्सव, माटी और संस्कृति से सराबोर हुआ कोरबा नमस्ते...

More Articles Like This

- Advertisement -