एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर जयसिंह अग्रवाल का केंद्र पर निशाना,जनता की गाड़ियां खराब हो रहीं, सरकार नीति की करे समीक्षा
नमस्ते कोरबा :- पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की केंद्र सरकार की नीति को लेकर पूर्व राजस्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने सवाल उठाते हुए इसे आम उपभोक्ताओं के हितों के विपरीत बताया है। उन्होंने कहा कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग से लोगों के वाहनों में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यदि किसी सरकारी नीति के कारण आम लोगों की गाड़ियां प्रभावित हो रही हैं और उन्हें मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। सरकार को इस नीति की व्यापक समीक्षा कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए
पूर्व मंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक दूरदर्शी और सुलझा हुआ नेता बताते हुए उम्मीद जताई कि वे इस मुद्दे की गंभीरता को समझेंगे और विशेषज्ञों से चर्चा कर आम जनता के हित में उचित समाधान निकालेंगे।
अग्रवाल ने कहा कि विकास और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देना आवश्यक है लेकिन ऐसी किसी भी नीति को लागू करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उसका प्रतिकूल प्रभाव आम नागरिकों और उनके वाहनों पर न पड़े। उन्होंने केंद्र सरकार से उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एथेनॉल मिश्रण नीति की समीक्षा करने की मांग की।









