कोरबा में महातारी वंदन योजना में KYC के नाम पर वसूली,महिला एवं बाल विकास विभाग ने जांच के बाद संबंधित केंद्र की आईडी निरस्त की
नमस्ते कोरबा :- महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया में महिलाओं से अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस मुद्दे को नमस्ते कोरबा समाचार द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पूरे मामले में तेजी से कार्रवाई हुई है।
जानकारी के अनुसार, राताखार क्षेत्र स्थित सीएससी/चॉइस सेंटर में महिलाओं से ई-केवाईसी के नाम पर 50 से 70 रुपये तक वसूले जा रहे थे, जबकि शासन द्वारा यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क निर्धारित है। इस अवैध वसूली से परेशान हितग्राहियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी, जिसके बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा।
शिकायत मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग ने जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित सीएससी सेंटर की आईडी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य सेंटर संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही हितग्राहियों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी केवाईसी या अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर अवैध वसूली हो, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
यह पूरा घटनाक्रम दर्शाता है कि यदि स्थानीय स्तर पर समस्याओं को उठाया जाए और मीडिया उन्हें मजबूती से सामने लाए, तो प्रशासनिक कार्रवाई संभव है और आम जनता को राहत मिल सकती है।










