कचरे पर ‘हॉट टॉक’,थाने में FIR का तड़का,निगम की कार्रवाई के बाद व्यापारी ने भी खोला मोर्चा

Must Read

कचरे पर ‘हॉट टॉक’,थाने में FIR का तड़का,निगम की कार्रवाई के बाद व्यापारी ने भी खोला मोर्चा

नमस्ते कोरबा :- कोरबा शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने के नगर निगम के अभियान के बीच पावर हाउस रोड पर कचरा फेंकने को लेकर निगम अमले और एक व्यापारी के बीच हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। नगर निगम की ओर से राहुल बैग के संचालक के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

निगम ने व्यापारी पर 1000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इधर एफआईआर की जानकारी मिलने के बाद व्यापारी ने भी निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय और उनके साथ पहुंचे कर्मचारियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

स्वच्छता अभियान के बीच आमने-सामने हुए निगम और व्यापारी

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में इन दिनों शहर में स्वच्छता को लेकर मैदानी स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त स्वयं भी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अलग-अलग इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में पावर हाउस रोड क्षेत्र में कचरा फेंकने को लेकर निगम अमले और राहुल बैग के संचालक के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। निगम की ओर से इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए जुर्माना लगाया गया। इसके बाद मामला बहस और कथित हॉट टॉक तक पहुंचा और अंततः निगम कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज कर लिया।

पहले पौधे पर विवाद, अब कचरे पर FIR

कोरबा नगर निगम क्षेत्र में हाल के दिनों में निगम कार्रवाई को लेकर दो मामले खासे चर्चा में हैं। इससे पहले निहारिका क्षेत्र में निगम द्वारा रोपित पौधे को काटने के मामले में ममता स्टील के संचालक और एक कर्मचारी के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में सिविल लाइन थाने में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। अब पावर हाउस रोड पर कचरा फेंकने के मामले में राहुल बैग संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से निगम की सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कार्रवाई के पक्ष में व्यापारी, लेकिन तरीके पर सवाल

निगम की सख्ती को लेकर व्यापारियों के बीच दो तरह की राय सामने आ रही है। अधिकांश व्यापारी शहर को साफ रखने के अभियान में सहयोग के पक्षधर हैं, लेकिन कुछ व्यापारियों का कहना है कि कार्रवाई के साथ निगम के मैदानी स्वच्छता अमले को भी अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभानी चाहिए। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब नागरिकों से नियमित रूप से सफाई शुल्क लिया जा रहा है तो शहर में कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था कितनी प्रभावी है।व्यापारियों का यह भी कहना है कि जो लोग नियमित रूप से टैक्स और सफाई शुल्क का भुगतान करते हैं उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों पर समान रूप से कार्रवाई होती दिखाई देनी चाहिए।

नियम तोड़ेंगे तो कार्रवाई होगी : आयुक्त

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने अथवा कचरा नहीं हटाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जुर्माने का प्रावधान है। यदि जुर्माना नहीं पटाया जाता है तो इसे शासकीय कार्य में अवरोध की स्थिति माना जा सकता है। इसी आधार पर निगम कर्मचारी की रिपोर्ट पर राहुल बैग के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

अब दोनों पक्षों की शिकायत, पुलिस जांच पर नजर

निगम की ओर से एफआईआर और व्यापारी की ओर से निगम आयुक्त व टीम के खिलाफ शिकायत के बाद मामला अब दोतरफा हो गया है। ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद की वास्तविक स्थिति क्या थी और किस स्तर पर शासकीय कार्य में बाधा या अन्य आरोप प्रमाणित होते हैं। फिलहाल कचरे से शुरू हुआ विवाद निगम और व्यापारी के बीच टकराव का मुद्दा बन गया है और पूरे शहर की निगाहें आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Read more :- मानिकपुर खदान विस्तार पर बढ़ा विरोध, जायज मांगें पूरी हुए बिना जनसुनवाई नहीं : जयसिंह अग्रवाल

- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,770SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

मानिकपुर खदान विस्तार पर बढ़ा विरोध, जायज मांगें पूरी हुए बिना जनसुनवाई नहीं : जयसिंह अग्रवाल

मानिकपुर खदान विस्तार पर बढ़ा विरोध, जायज मांगें पूरी हुए बिना जनसुनवाई नहीं : जयसिंह अग्रवाल नमस्ते कोरब :  भिलाई खुर्द...

More Articles Like This

- Advertisement -