कटघोरा में अटल प्रतिमा पर घमासान: ब्रॉन्ज की जगह सीमेंट के इस्तेमाल के आरोप, दिल्ली तक पहुंचा विवाद
नमस्ते कोरबा :- कटघोरा नगर पालिका परिषद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में स्थापित प्रतिमा को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। प्रतिमा के निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी और ब्रॉन्ज (कांस्य) की जगह कथित तौर पर सीमेंट-कंक्रीट से बनी प्रतिमा लगाए जाने के आरोपों ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। मामले ने अब स्थानीय स्तर से निकलकर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति तक दस्तक दे दी है।
विपक्ष का आरोप है कि जिस प्रतिमा को ब्रॉन्ज धातु से तैयार किया जाना था उसकी जगह सीमेंट-कंक्रीट से निर्मित प्रतिमा पर केवल तांबई रंग चढ़ाकर उसे ब्रॉन्ज जैसा स्वरूप दे दिया गया। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि प्रतिमा निर्माण पर स्वीकृत राशि और वास्तविक निर्माण लागत के बीच भारी अंतर है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और मामले की जांच की मांग उठ रही है।
विवाद के बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या यह मामला केवल कटघोरा तक सीमित है या प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में भी इसी तरह की अनियमितताएं हुई हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि यदि कहीं और भी ऐसी गड़बड़ियां हुई हों तो उनका भी खुलासा हो सके। इधर क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि प्रतिमा निर्माण का कार्य मूल ठेकेदार से आगे किसी अन्य स्तर पर कराया गया। इन चर्चाओं को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं संगठन के भीतर भी मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
उधर युवा कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में अटल परिसर के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री की स्मृति से जुड़े निर्माण कार्य में यदि अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले की गूंज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव सहित कई नेताओं ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।










