पहली बार देश के दो ब्राण्ड एलआईसी और एसबीआई के शेयर में भूचाल
कांग्रेस उतरी सड़क पर
नमस्ते कोरबा – कुछ दिन पूर्व केन्द्र सरकार की गलत नीतियों एवं अडाणी ग्रुप के कारण शेयर बाजार में भूचाल आ गया था, जिसका प्रभाव आज तक जारी है। देश में ऐसा पहली बार हुआ जब शेयर बाजार में देश के दो ब्राण्ड भारतीय जीवन बीमा निगम और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर धड़ाम से नीचे चले गये और आज तक गोते खा रहे हैं। देश के करोड़ो हितग्राहियों एवं शेयर धारकों के लिए यह चिंता का विषय है और अडाणी मामले में केन्द्र सरकार की चुप्पी समझ से परे है। उक्त कथन महापौर राजकिशोर प्रसाद के हैं। वे आज अडाणी मामले के खिलाफ कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल धरना प्रदर्शन को सम्बोधित कर रहे थे।
अडाणी मामले के खिलाफ देश भर में कांग्रेस द्वारा जगह जगह धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस संगठन द्वारा एसबीआई मुख्य शाखा टी. पी. नगर और भारतीय जीवन बीमा निगम कोरबा क्र. 01 कोसाबाड़ी (रामपुर) ऑफिस के सामने विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। श्री प्रसाद ने कहा कि अडाणी मामले में केन्द्र सरकार की चुप्पी कई संदेहों को जन्म दे रहा है और केन्द्र सरकार को इस मामले में तत्काल कार्यवाही करनी चाहिए। श्री प्रसाद ने कहा कि हिडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट की विस्तृत जांच सेवानिवृत्त मुख्य जज या एक संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराई जाए और रिपोर्ट के अनुसार कार्यवाही होनी चाहिए।
धरना प्रदर्शन के बाद रैली की शक्ल में कांग्रेसजन कलेक्ट्रेट पहुंचे और जांच की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा।
सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि आज देश की आर्थिक हालात को अडाणी ने गर्त में ले गया और सरकार चुप है। उन्होने कहा कि आज जनता अपने धन की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने केन्द्र सरकार की खिंचाई करते हुए कहा कि आज देश में महंगाई तो चरम पर है और अब लोगों की मेहनत की कमाई बैंक और एलआईसी में भी सुरक्षित ना हो तो जनता का बेचैन होना लाजिमी है। अडाणी ग्रुप के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सपना चौहान ने कहा कि आज मोदी सरकार ने रसोई तक डाका डाला है महंगाई के जरिए। महिलाओं का बजट बिगड़ गया है और उपर से बैंक और एलआईसी में लोगों की जमा पूंजी की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गये हैं। हम सरकार की गलत नीतियों और केन्द्र सरकार द्वारा कुछ पूंजीपतियों के लिए नियमों में ढील देना आम जनता को परेशानी में डालना है। सरकार की जिम्मेदारी होती है कि वह हर वर्ग की सुरक्षा करे लेकिन मोदी सरकार पूंजीपतियों के हाथ की कठपुतली बन चुकी है, नही तो अडाणी ग्रुप का हौसला इतना नही बढ़ता। जिला ग्रामीण महिला अध्यक्ष प्रभा सिंह तंवर ने भी केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लिया और हिडनबर्ग के मामले में संसद में चर्चा कराने की मांग की।