इलेक्ट्रिक सर्किट बोर्ड के पीछे छिपा था 8 फीट लंबा किंग कोबरा,सतरेगा रिसॉर्ट में मचा हड़कंप, बिजली बंद कर जितेंद्र सारथी की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Must Read

इलेक्ट्रिक सर्किट बोर्ड के पीछे छिपा था 8 फीट लंबा किंग कोबरा,सतरेगा रिसॉर्ट में मचा हड़कंप, बिजली बंद कर जितेंद्र सारथी की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

नमस्ते कोरबा :- जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा में उस समय हड़कंप मच गया जब रिसॉर्ट के विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपा मिला। सांप की जानकारी मिलते ही रिसॉर्ट प्रबंधन ने तत्काल वन विभाग और नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई।

रेस्क्यू की गंभीरता को देखते हुए जितेंद्र सारथी ने इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय को दी। उनके निर्देश पर उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन और बालको रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन सतरेगा पहुंचे। टीम ने सबसे पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर संबंधित लाइन की बिजली बंद कराई। इसके बाद बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

किंग कोबरा इलेक्ट्रिक सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था। ऐसे में उसे सुरक्षित बाहर निकालना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण था। करीब एक घंटे की मशक्कत और पूरी सावधानी के बाद रेस्क्यू टीम ने करीब 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सांप देखने उमड़ी पर्यटकों की भीड़

किंग कोबरा के रेस्क्यू की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटक और कर्मचारी जुट गए। लंबे और फुर्तीले किंग कोबरा को देखकर लोगों में कौतूहल नजर आया। कई लोग मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाने लगे। हालांकि रेस्क्यू टीम ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा और पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा।

सफल रेस्क्यू के बाद नियमानुसार पंचनामा की कार्रवाई की गई और किंग कोबरा को उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वन क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे किंग कोबरा

लेमरू, बालको, पसरखेत, करतला, कुदमुरा और आसपास के वन क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से किंग कोबरा के छोटे आकार के सांप भी सामने आने की घटनाएं सामने आई हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर छोटे किंग कोबरा का मिलना क्षेत्र में इनके अनुकूल प्राकृतिक आवास और संभावित प्रजनन की ओर संकेत कर सकता है। हालांकि क्षेत्र में किंग कोबरा की वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति का आकलन वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही किया जा सकता है।

जागरूकता से बच रही वन्यजीवों की जान

इस घटना का एक सकारात्मक पहलू यह भी रहा कि किंग कोबरा दिखाई देने के बाद लोगों ने उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दी। समय पर सूचना मिलने से सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सका। यह मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर सह-अस्तित्व की दिशा में सकारात्मक उदाहरण है।

वन विभाग और नोवा नेचर ने लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी प्रकार का सांप दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उसे पकड़ने, छेड़ने या मारने का प्रयास न करें तथा तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

Read more :- कोरबा में अजब गजब “हैंडपंप खुद-ब-खुद उगल रहा पानी… आखिर क्या है राज?”राताखार में सावन महीने से लगातार निकल रहा पानी,

 

- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,810SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

टॉप-10 की हवा और धूल में घुटता कोरबा,आंकड़ों में साफ हवा… सड़कों पर धूल-राखड़ का गुबार!

टॉप-10 की हवा और धूल में घुटता कोरबा,आंकड़ों में साफ हवा… सड़कों पर धूल-राखड़ का गुबार! नमस्ते कोरबा : कोरबा...

More Articles Like This

- Advertisement -