कोरबा ब्रेकिंग : कुसमुंडा-गेवरा टीपर मार्ग पर स्कूटी-बाइक की भिड़ंत के बाद ट्रेलर की चपेट में आए युवक-युवती, मौके पर मौत
नमस्ते कोरबा : कुसमुंडा-गेवरा मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों सवार तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, जबकि स्कूटी सवार युवती ने भी गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे कुसमुंडा थाना क्षेत्र के गेवरा टीपर मार्ग पर स्कूटी और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक भारी वाहन की चपेट में आ गया। वहीं स्कूटी सवार युवती भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि गेवरा-कुसमुंडा को जोड़ने वाले रेलवे अंडरब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते बीते दिन से बंद कर दिया गया है। इसके कारण रोजाना आवागमन करने वाले सैकड़ों लोग भारी वाहनों की आवाजाही वाले टीपर मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मार्ग पर छोटे वाहनों और भारी वाहनों का एक साथ दबाव बढ़ने से दुर्घटना की आशंका जताई जा रही थी। बुधवार सुबह हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद मार्ग पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना 112, संजीवनी वाहन और कुसमुंडा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतक युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
Read more :- दीपावली की खुशियों में लगाएं आतिशबाजी का रंग, बालको के मित्तल फटाका दुकान में पटाखों की भरमार










