कोरबा में नाग-नागिन का ‘प्रेम नृत्य’ वायरल, आधे घंटे तक जुटी रही भीड़
नमस्ते कोरबा : शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर क्षेत्र में नाग-नागिन के जोड़े का एक अनोखा और दुर्लभ दृश्य देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार दोनों सांप करीब 7 से 8 फीट लंबे थे और एक-दूसरे से लिपटकर हरकत कर रहे थे, जिसे स्थानीय लोग ‘नाग-नागिन का डांस’ बता रहे हैं। यह नजारा इतना आकर्षक था कि आसपास के लोग करीब 30 मिनट तक मौके पर खड़े होकर अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहे। धीरे-धीरे वहां भीड़ भी जुट गई।
ग्रामीणों ने इसे शुभ संकेत मानते हुए कहा कि नाग-नागिन का इस तरह मिलना अच्छी बारिश का संकेत होता है। कई लोगों ने इसे प्रकृति का अद्भुत दृश्य बताया।
जानकारों के अनुसार मई-जून का समय सांपों के प्रजनन का मौसम होता है। इस दौरान सांप अधिक सक्रिय हो जाते हैं और अक्सर इस तरह के दृश्य देखने को मिलते हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामलों में सावधानी बरतें और सांपों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
Read more :- फिल्मी स्टाइल में रास्ता रोकने की कोशिश नाकाम, ‘बरबट्टी’ के अवैध मकान पर चला बुलडोजर










