फिल्मी स्टाइल में रास्ता रोकने की कोशिश नाकाम, ‘बरबट्टी’ के अवैध मकान पर चला बुलडोजर
नमस्ते कोरबा :- शहर में अवैध निर्माण और आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए गुरुवार को नगर निगम और जिला प्रशासन ने कबाड़ी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगम अमले ने 150 से अधिक पुलिस बल की मौजूदगी में उसके अवैध दो मंजिला भवन को तोड़ना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन कड़ी सुरक्षा के बीच बुलडोजर लगातार चलता रहा।
प्रशासनिक कार्रवाई की भनक लगते ही बरबट्टी ने टीम को रोकने की कोशिश की। घर तक पहुंचने वाले रास्ते को अवरुद्ध करने के लिए उसने कई वाहनों के टायर निकालकर सड़क पर खड़ा कर दिया, ताकि अमला आगे न बढ़ सके। हालांकि, पुलिस और निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए बाधाओं को हटाया और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।
जैसे ही बुलडोजर मकान के पास पहुंचा, घर के सदस्य और समर्थक विरोध में उतर आए। महिलाओं सहित परिवार के लोगों ने हंगामा किया और कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पहले से तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और विरोध के बीच ही अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रखी गई।
मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी शहर में चर्चित पुल चोरी मामले का मुख्य आरोपी रह चुका है। कबाड़ के कारोबार की आड़ में लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप भी उस पर लगते रहे हैं। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब प्रशासन ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है। इससे पहले भी पुलिस उसके गोदाम को सील कर चुकी है। वहीं राताखार, मुड़ापार और कोरकोमा रोड स्थित उसकी कबाड़ दुकानों पर भी कार्रवाई करते हुए सीलिंग और बुलडोजर की कार्रवाई की जा चुकी है।










