हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़ने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे,वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की कार्रवाई,पहले जब्त किया था ट्रैक्टर
नमस्ते कोरबा। जिलगा गांव में हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़कर परेशान करना तीन ग्रामीणों को भारी पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में वन विभाग पहले ही घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को जब्त कर चुका था।
घटना कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिलगा गांव की है। यहां ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया था। इस दौरान हाथी के पीछे ट्रैक्टर दौड़ाने का वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वन्यप्राणी को परेशान किए जाने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।
विभाग ने जांच के बाद घटना में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही उन्हें न्यायिक कार्रवाई के लिए जेल भेज दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई को हाथियों से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। जंगल और आबादी के आसपास विचरण करने वाले हाथियों को उकसाना न केवल उनके लिए बल्कि ग्रामीणों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
Read more :- कोसाबाड़ी-निहारिका मार्ग पर जाम,सड़क निर्माण ने रोकी शहर की रफ्तार,जाम में फंसी 6 स्कूल बसें










