कोसाबाड़ी-निहारिका मार्ग पर जाम,सड़क निर्माण ने रोकी शहर की रफ्तार,जाम में फंसी 6 स्कूल बसें
नमस्ते कोरबा :- शहर के कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग से निहारिका तक सड़क निर्माण कार्य के चलते बुधवार को लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतारें लग गईं और छह स्कूलों की बसें भी जाम में फंस गईं। बसों में सवार बच्चे भूखे-प्यासे काफी देर तक सड़क पर फंसे रहे। समय पर घर नहीं पहुंच पाने के कारण बच्चों और उनके अभिभावकों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के चलते मार्ग को वन-वे कर दिया गया था, लेकिन यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कोई प्रभावी डायवर्जन व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते एक ही रास्ते पर वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। जाम में चारपहिया वाहनों के साथ स्कूली बसें भी घंटों फंसी रहीं। जल्दबाजी में निकलने की कोशिश में कई दोपहिया वाहन आपस में भिड़ गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
सड़क निर्माण के दौरान यातायात प्रबंधन की कमी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सवाल यह है कि जब शहर के इतने व्यस्त मार्ग पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, तो पहले से वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को इस तरह परेशान करना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
Read more :- निगम ने नहीं बनाई थी नाले की दीवार,प्रकाशित खबर पर निगम के इंजीनियर ने किया स्थिति स्पष्ट










