चक्रवाती तूफान का असर: सुबह से रिमझिम बारिश, कोरबा में ऑरेंज अलर्ट,बादलों ने ढका आसमान,धान खरीदी पर मंडराया बारिश का खतरा, बच्चों को भी हुई परेशानी
नमस्ते कोरबा। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान‘ के प्रभाव से कोरबा जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार सुबह से ही शहर सहित जिले के कई हिस्सों में रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। आसमान में छाए घने बादलों के चलते तापमान में गिरावट आई है जिससे सुबह से ही ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सुबह से हो रही बारिश के बीच सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चे भी बारिश से बचने के लिए छाता और रेनकोट का सहारा लेते नजर आए। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 और 21 नवंबर को जिले के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका है।
**प्रशासन अलर्ट, विभागों को सतर्क रहने के निर्देश**
संभावित खराब मौसम और आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
**धान खरीदी केंद्रों में बढ़ी चिंता**
बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में धान खरीदी का सिलसिला जारी है और कई उपार्जन केंद्रों में धान खुले में रखा हुआ है। ऐसे में बारिश से धान के भीगने और नुकसान की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन ने खरीदी केंद्र प्रभारियों को धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था करने और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अब मौसम का रुख किसानों और धान खरीदी व्यवस्था दोनों के लिए चुनौती बना हुआ है।










