ऑपरेशन के 3 महीने बाद भी दर्द से कराह रही महिला, कल्चर रिपोर्ट पर उठे सवाल,मामला कोरबा के शिवाय हॉस्पिटल का

Must Read

 ऑपरेशन के 3 महीने बाद भी दर्द से कराह रही महिला, कल्चर रिपोर्ट पर उठे सवाल,मामला कोरबा के शिवाय हॉस्पिटल का

पति का आरोप- जिस लैब की रिपोर्ट अस्पताल ने दी, वहां मरीज के नाम से सैंपल की एंट्री तक नहीं; कलेक्टर, एसपी और सीएमएचओ से शिकायत

नमस्ते कोरबा : बेहतर इलाज की उम्मीद में निजी अस्पताल पहुंची महिला तीन महीने बाद भी संक्रमण और दर्द से जूझ रही है। ऑपरेशन के बाद घाव से लगातार पस निकलने और कई बार चीरा लगाकर ड्रेसिंग करने के बावजूद राहत नहीं मिली। अब इस मामले में इलाज के साथ मेडिकल जांच रिपोर्ट की विश्वसनीयता भी सवालों के घेरे में है।

आरोप है कि अस्पताल ने पस की कल्चर जांच की जो रिपोर्ट परिजनों को दी संबंधित लैब में मरीज के नाम से सैंपल मिलने का कोई रिकॉर्ड ही नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब लैब में सैंपल पहुंचा ही नहीं तो रिपोर्ट तैयार कैसे हुई? मरीज के पति की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

मामला कोरबा के शिवाय हॉस्पिटल का है। विकास कुमार अग्रवाल ने अपनी पत्नी सोनम अग्रवाल के उपचार में कथित चिकित्सकीय लापरवाही और जांच रिपोर्ट में अनियमितता की शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले सोनम की बच्चेदानी/फैलोपियन ट्यूब से संबंधित लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की गई थी। ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही टांके वाली जगह और दूरबीन डालने के स्थान से पस निकलने लगा। सूजन बढ़ती गई, लेकिन दवाइयों से भी राहत नहीं मिली।

**सीटी स्कैन में मिला 6.2 सेंटीमीटर का पस का संग्रह**

परिजनों ने 24 अक्टूबर को सीटी स्कैन कराया। शिकायतकर्ता के अनुसार, रिपोर्ट में ऑपरेशन वाली जगह पर करीब 6.2 × 5.2 × 5 सेंटीमीटर का पस जमा होने और संक्रमण पेट की दीवार की मांसपेशियों व आसपास के ऊतकों तक फैलने की बात सामने आई। इसके बाद पुराने टांकों वाली जगह पर चीरा लगाकर घाव खोल दिया गया और ड्रेसिंग शुरू की गई। कुछ समय बाद दूसरी जगह से भी पस निकलने लगा। वहां भी चीरा लगाना पड़ा। इसके बावजूद महिला को अब तक राहत नहीं मिलने का दावा किया गया है।

**लैब में सैंपल नहीं अस्पताल की रिपोर्ट कैसे बनी?**

मामले का सबसे गंभीर पहलू कल्चर एवं सेंसिटिविटी जांच की रिपोर्ट को लेकर है। पति का आरोप है कि डॉक्टर ने पस का सैंपल लेकर जांच कराने की बात कही थी। लेकिन अगले दिन संबंधित लैब से संपर्क करने पर कर्मचारियों ने सोनम अग्रवाल के नाम से कोई सैंपल प्राप्त होने या उसकी एंट्री होने से इनकार किया। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास है।

इसके बाद अस्पताल की ओर से दी गई कल्चर रिपोर्ट की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े हो गए हैं। पति ने आशंका जताई है कि रिपोर्ट संदिग्ध अथवा फर्जी हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि सैंपल कब लिया गया, किसने लिया, किस लैब में भेजा गया और उसकी रिसीविंग का रिकॉर्ड कहां है। हालांकि रिपोर्ट फर्जी होने की आशंका फिलहाल शिकायतकर्ता का आरोप है इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

**कलेक्टर से एसपी तक शिकायत, मेडिकल बोर्ड से जांच की मांग**

विकास कुमार अग्रवाल ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, कोतवाली थाना, सीएसईबी पुलिस चौकी और सीएमएचओ को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने अस्पताल की मेडिकल फाइल, ऑपरेशन नोट्स, डिस्चार्ज समरी, दवाइयों और ड्रेसिंग के रिकॉर्ड के साथ संबंधित लैब के सैंपल रजिस्टर एवं जांच दस्तावेजों का मिलान कराने की मांग की है। साथ ही स्वतंत्र वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ और जनरल सर्जन के मेडिकल बोर्ड से महिला की वर्तमान स्थिति की जांच कराकर उचित उपचार सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

सीएमएचओ डॉ. एसएन केसरी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

अब इस मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि मरीज के नाम से लैब में सैंपल की एंट्री क्यों नहीं मिली और अस्पताल की ओर से दी गई रिपोर्ट किस आधार पर तैयार हुई? अस्पताल और लैब के मूल रिकॉर्ड का मिलान ही इन सवालों का जवाब दे सकेगा। फिलहाल महिला का बेहतर उपचार और जांच में सच्चाई सामने आना परिवार की सबसे बड़ी मांग है।

Read more :- जनता के पैसे से बना आशीर्वाद पॉइंट, जनता की पहुंच से दूर!आशीर्वाद पॉइंट की लीज खत्म कर निगम खुद संभाले संचालन, कांग्रेस पार्षदों ने उठाई मांग

- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,930SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव: कोरबा की खुशी पड़वार ने कत्थक नृत्य में जीता दूसरा स्थान

क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव: कोरबा की खुशी पड़वार ने कत्थक नृत्य में जीता दूसरा स्थान नमस्ते कोरबा- सरस्वती शिशु मंदिर सीएसईबी...

More Articles Like This

- Advertisement -