सात वर्षीय मासूम भव्या हत्याकांड: जयसिंह अग्रवाल ने जताई संवेदना, दोषी को फांसी देने की मांग
नमस्ते कोरबा : रजगामार में सात वर्षीय मासूम भव्या के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की हृदयविदारक घटना पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मासूम को श्रद्धांजलि दी और इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की।
श्री अग्रवाल ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। इसने पूरे कोरबा को झकझोर कर रख दिया है। मासूम के साथ हुई इस बर्बरता से हर कोई व्यथित है। ऐसी घटना समाज को भीतर तक आहत करती है। एक मासूम बच्ची के साथ इस तरह का अपराध किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
पूर्व मंत्री ने कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषी को ऐसी कठोर सजा मिलनी चाहिए, जो समाज में एक कड़ा संदेश दे। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए कहा कि मासूम को न्याय दिलाने के लिए मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।










