बुंदेली में रातभर गूंजा‘जय श्री श्याम’ श्याम अखाड़ा के 12वें महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब,भजनों पर झूमे श्रद्धालु
नमस्ते कोरबा :- ग्राम बुंदेली स्थित निर्माणाधीन श्री सालासर धाम परिसर में शनिवार को 12वां श्री श्याम महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शाम 6:15 बजे शुरू हुआ आयोजन सुबह तक चला। रातभर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से परिसर गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।

कोरबा की धार्मिक पहचान में बुंदेली का नाम अब तेजी से अपनी जगह बना रहा है। शनिवार की रात श्री बालाजी सेवा संघ एवं श्री श्याम अखाड़ा परिसर में आयोजित 12वां महोत्सव इसका उदाहरण रहा। शाम से सुबह तक चले आयोजन में ‘जय श्री श्याम’ के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर रहे।

महोत्सव में भव्य दरबार, अखंड ज्योत, चुनरी उत्सव, इत्र वर्षा और छप्पन भोग ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। भजन प्रवाहकों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। लेकिन आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष श्री श्याम रसोई रही, जहां प्रसाद के जरिए सेवा और अपनत्व का संदेश दिया गया।

बुंदेली में आकार ले रहा सालासर धाम भी आने वाले समय में क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र बन सकता है। शिखर बंधन सहित धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर निर्माण की यह पहल केवल आस्था से नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ रही है।

महोत्सव में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नगर निगम कोरबा सभापति नूतन सिंह ठाकुर, समाजसेवी केदारनाथ अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह सहित, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अतिथियों ने बाबा श्याम के दर्शन कर आयोजन में सहभागिता की और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

कोरबा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में ऐसे आयोजन लोगों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं। अलग-अलग क्षेत्रों और वर्गों से आए लोग जब एक साथ बाबा श्याम के दरबार में पहुंचते हैं, तो धार्मिक आयोजन सामाजिक मेलजोल का माध्यम भी बन जाता है।









