एनटीपीसी कोरबा पर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के लिए 15 लाख रुपये का जुर्माना
नमस्ते कोरबा। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने अवैध फ्लाई ऐश (राखड़) डंपिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंडल ने मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली (कोरबा) पर ₹15.00 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (जुर्माना) अधिरोपित की है।

क्षेत्रीय अधिकारी श्री प्रसन्न सोनकर ने बताया कि कार्यालय को दूरभाष पर अवैध डंपिंग की सूचना मिली थी। इसके आधार पर 09 सितंबर 2026 की रात रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास (गुप्ता होटल के समीप स्थित भूमि पर) अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप कर रहे वाहनों को पकड़ा गया। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि ये वाहन एनटीपीसी जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लोड करके अवैध स्थल पर खाली कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारी ने तुरंत एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक निर्देश दिए। स्थल पर पाई गई राखड़ की मात्रा के आधार पर 15 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति का आदेश जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और संस्थानों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Read more :- गुरसिया मोड़ पर मचा हड़कंप टैंकर में लगी भीषण आग,कटघोरा-अंबिकापुर NH-130 पर ढाबे में रुका था टैंकर









